वाराणसी के गुरुबाग स्थित गुरु नानक इंग्लिश मीडियम स्कूल परिसर में शनिवार को बहु-विषयक प्रदर्शनी ‘शिक्षांजलि 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। विज्ञान, कला एवं शिल्प, सामाजिक विज्ञान, साहित्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे विभिन्न विषयों पर आधारित इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया। यह आयोजन विद्यालय के भूतपूर्व प्रबंधक एवं मार्गदर्शक स्वर्गीय परमजीत सिंह अहलूवालिया को समर्पित रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि काशी हिंदू विश्वविद्यालय के रसायन विभाग के प्रोफेसर सुब्रतो भट्टाचार्य, विशिष्ट अतिथि आईआईटी बीएचयू के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रविंद्र कुमार यादव, विद्यालय की निर्देशिका श्रीमती जगजीत कौर, प्रबंधक सरदार हरदयाल सिंह ढिल्लों, प्रधानाचार्या श्रीमती सुमेधा सिंह और प्रधानाध्यापिका सुश्री नीलू कौर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शबद कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने स्मार्ट सिटी, हरित ऊर्जा, रोबोटिक्स, जल संरक्षण और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े कार्यशील मॉडल प्रस्तुत किए। वहीं भारतीय संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों, भाषा-साहित्य और हस्तशिल्प पर आधारित आकर्षक मॉडलों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने विद्यालय के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न स्टॉल का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से उनके प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी ली। इस दौरान बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अतिथियों के सवालों के जवाब दिए, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर सुब्रतो भट्टाचार्य और विशिष्ट अतिथि डॉ. रविंद्र कुमार यादव ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की बहु-विषयक प्रदर्शनियां बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के साथ उनकी छिपी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुश्री नीलू कौर ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और मार्गदर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही अतिथियों को अपना बहुमूल्य समय देने के लिए धन्यवाद दिया।


