उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बाबा श्री काशी विश्वनाथ का किया दर्शन पूजन

देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने गुरुवार शाम श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन किया। मंदिर के गर्भगृह में उप राष्ट्रपति ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच षोडशोपचार विधि से पूजन कर बाबा का जलाभिषेक किया। मंदिर के अर्चक पं. श्रीकांत मिश्र के अगुवाई में वैदिक ब्राम्हणों ने पूजन अर्चन कराया। दरबार में दर्शन पूजन के बाद उपराष्ट्रपति ने काशी विश्वनाथ धाम के नव विस्तारित स्वरूप को भी देखा। 

मंदिर परिसर में उपराष्ट्रपति का स्वागत प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, प्रदेश सरकार में मंत्री रविन्द्र जायसवाल, कमिश्नर कौशलराज शर्मा, पुलिस कमिश्नर मुथा अशोक जैन, मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने किया। मंदिर प्रशासन ने भी उपराष्ट्रपति को स्मृति चिंह और अंगवस्त्रम प्रदान किया। उपराष्ट्रपति काशी के कोतवाल श्री काल भैरव मंदिर में दर्शन पूजन कर दिल्ली के लिए रवाना हुए।इसके पहले उपराष्ट्रपति ने बड़ालालपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल में आयोजित कंपनी सचिवों के अधिवेशन में भाग लिया। अधिवेशन में शासन व तकनीक के जरिये सशक्त और सतत भविष्य से जुड़े अलग-अलग विषयों पर चर्चा की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post