जैतपुरा थाना के औसानगंज-राजापुरा मार्ग पर मान के बाग के सामने स्थित गहरे कुएं में शनिवार की सुबह महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के पति ने 14 दिसंबर को ही उसकी गुमशुदगी दर्ज करायी थी।
राजापुरा के जैतपुरा निवासी मोहम्मद अमीन की पत्नी सलमा बीबी (30 वर्ष) घर से लापता थी। इस पर पति ने 14 दिसंबर को ही गुमशुदगी दर्ज करायी थी। शनिवार की सुबह कुएं में उसकी लाश मिली। दरअसल, कुएं पर स्थानीय लोग रोजाना नहाने आते हैं। शनिवार को भी लोग इस कुएं पर नहा रहे थे। बार-बार बाल्टी अंधेरे कुएं में किसी चीज से टकरा रही थी। शनिवार की सुबह 8 बजे एक व्यक्ति कुएं पर नहाने के लिए पहुंचा। उसने कुएं में बाल्टी लटकाई तो वो किसी चीज में फंस गई और बाहर नहीं आ रही थी। इस पर घर से टार्च मंगाई और कुएं में देखा तो एक लाश उतराई हुई थी।
लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया। शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी हुई है।