"बोलो तो निकालें पिस्टल..." वाराणसी में भाजपा नेता को पिस्टल दिखाकर धमकाया
वाराणसी के रोहनिया क्षेत्र से निकल रहे भाजपा काशी क्षेत्र के ओबीसी मोर्चा के मंत्री रामखेलावन बिंद ने अमरा खैरा चक निवासी विजय कुमार सिंह पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। उन्होंने मामले को लेकर रोहिनयां थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर ली है।राम खेलावन का आरोप है कि विजय ने लाइसेंसी पिस्टल दिखाकर डराया और बेटी के साथ अभद्रता की। रामखेलावन बिंद ने पुलिस को बताया कि शनिवार को वह पत्नी सावित्री देवी और बच्चों के साथ सीरगोवर्धन स्थित संत रविदास मंदिर गए थे। लौटते समय शांति नगर कॉलोनी, अमरा खैरा चक में अपने रिश्तेदार के यहां गए। वहां से लौटते समय विजय कुमार सिंह दो- तीन लोगों के साथ पिस्टल लेकर खड़ा था। विजय ने वाहन रुकवाया और गालीगलौज करने लगा। विरोध किया तो जान से मारने की धमकी देने लगा। बेटी के साथ भी अभद्रता की है। मामले की सूचना रामखेलावन बिंद ने डायल 112 पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने विजय को हिरासत में लिया और रोहनिया थाने ले गई। इंस्पेक्टर क्राइम योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।