गुरु वंदन से सजा मंच, गीत-नृत्य की प्रस्तुतियों के बीच बाल विद्यालय में शिक्षकों का हुआ सम्मान

डोमरी (पड़ाव) स्थित बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल में शिक्षक दिवस श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों का सम्मान करते हुए गीत, नृत्य, भाषण और कविता की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रमों में सहभागिता कर आयोजन को यादगार बना दिया।

विद्यालय के निदेशक मुकुल पाण्डेय ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र के निर्माता और समाज को सही दिशा देने वाले पथप्रदर्शक होते हैं। डॉ. राधाकृष्णन का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्या नीता त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक दिवस अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। शिक्षक अपने ज्ञान के प्रकाश से विद्यार्थियों के भविष्य को उज्ज्वल बनाता है। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों और उनके उत्साह की सराहना की।


कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post