गौरव और हर्ष का विषय है कि यह वर्ष भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी का जन्म शताब्दी वर्ष है। इस विशेष अवसर पर श्रद्धेय अटल जी की जयंती, 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के रूप में मनाई गई। इस उपलक्ष्य में बूथ, मंडल, जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक रूप से अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।क्त बाते भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा व महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने संयुक्त रुप से गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
कहा कि जन्म शताब्दी वर्ष के अंतर्गत अटल स्मृति संकलन एवं संपर्क अभियान का शुभारंभ किया गया है, जो 31 जनवरी 2025 तक चलेगा। इस अभियान के तहत जिलों में उन व्यक्तियों को चिन्हित किया जाएगा, जिनके पास श्रद्धेय अटल जी के साथ साझा किए गए किसी भी क्षण की स्मृति हो। यह स्मृति कागजी माध्यम (जैसे पेपर कटिंग, किताब पर ऑटोग्राफ), ऑडियो या वीडियो क्लिप के रूप में हो सकती है। ऐसे पुण्यजनों के पास जाकर उनके अनुभव और स्मृतियों को सम्मानपूर्वक संकलित किया जाएगा। साथ ही, उन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को भी चिन्हित किया जाएगा, जिन्होंने अटल जी के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारतीय जनता पार्टी या किसी अन्य संबंधित संगठन में कार्य किया हो। इन वरिष्ठजनों को सूचिबद्ध कर सम्मानित किया जाएगा।
आगे कहा कि अभियान के अंतर्गत अटल जी पर लिखे गए लेखों और पुस्तकों को एकत्रित कर उनकी सूची तैयार की जाएगी। इस जानकारी को बाद में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा एवं महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने संयुक्त रूप से कहा कि 15 फरवरी से 15 मार्च 2025 के बीच प्रत्येक जिले में अटल विरासत सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें जिले के प्रबुद्धजन, सूचीबद्ध विशिष्टजन और अटल जी के सभी प्रशंसकों को आमंत्रित किया जाएगा। इस सम्मेलन में अटल जी के साथ कार्य कर चुके वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान होगा। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर लिखे गए लेखों और पुस्तकों के लेखकों को भी सम्मानित किया जाएगा। सम्मेलन में अटल जी से जुड़ी स्मृतियों की डिजिटल प्रस्तुति के साथ-साथ उनके कार्यकाल में प्रेरित होकर शुरू की गई योजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतिकरण होगा।