अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सम्मान समारोह, महिलाओं को अधिकार व स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “नई सुबह एक उम्मीद” सामाजिक संस्था द्वारा नरिया वार्ड स्थित लाल बहादुर शिक्षण संस्थान इंटरमीडिएट कॉलेज में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकार, सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा समाज में उनके योगदान का सम्मान करना था।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लंका थाने की सब-इंस्पेक्टर निहारिका साहू, गायनोलॉजिस्ट डॉ. सोनाली, अधिवक्ता पायल श्रीवास्तव तथा सुधा सिंह उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा महिलाओं को तिलक लगाकर स्वागत के साथ हुई।

मुख्य अतिथि निहारिका साहू ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं अधिवक्ता पायल श्रीवास्तव ने संविधान द्वारा महिलाओं को मिले अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।डॉ. सोनाली ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार चौधरी ने कहा कि शिक्षित और सशक्त महिला ही समाज को सही दिशा दे सकती है।संस्था की अध्यक्ष ममता ने कहा कि महिलाएं परिवार और समाज की मजबूत नींव हैं और उनका सम्मान व सशक्तिकरण ही समाज के समग्र विकास का आधार है।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्य अतिथियों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।




Post a Comment

Previous Post Next Post