भारतीय लोकतंत्र के प्रहरी, सामाजिक न्याय के अग्रदूत, संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 134वीं जयंती पर बरेका परिसर एक नई ऊर्जा और सामाजिक समरसता के संदेश से सराबोर हो उठा। बरेका एससी/एसटी एसोसिएशन एवं कर्मचारियों द्वारा आयोजित ऐतिहासिक शोभा यात्रा द्वारा बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि दी गई।
शोभा यात्रा की भव्य शुरुआत बरेका इंटर कॉलेज के पास अंबेडकर पार्क से हुई और जलाली पट्टी रेल कॉलोनी, कंदवा गेट, कंचनपुर कॉलोनी, सिनेमा हॉल, ऑफिसर्स कॉलोनी, प्रशासन भवन होते हुए ईस्ट कॉलोनी तक भ्रमण कर पुनः अंबेडकर पार्क पर समापन हुआ।रथ पर विराजमान बाबा साहेब की सजीव प्रतिमा, सैकड़ों मोटरसाइकिलों, ट्रैक्टर-ट्रकों की शृंखला, हाथों में लहराते तिरंगे और नारों की गगनभेदी आवाजें—यह शोभा यात्रा किसी सांस्कृतिक उत्सव से कम नहीं थी।
कॉलोनी के हर जगह, हर मोड़ पर जनसमूह उमड़ा रहा। रैली में जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव श्रीकांत यादव, सदस्यगण अमित कुमार, संजय कुमार आदि बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। पूरे मार्ग में बाबा साहेब के विचारों और आदर्शों का प्रचार किया गया।इस शोभा यात्रा की सफलता में उत्तर प्रदेश पुलिस एवं बरेका रेल सुरक्षा बल के जवानों ने अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।