विद्युत मजदूर संगठन एवं विद्युत संविदा मजदूर संगठन, वाराणसी ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि नियमित कर्मचारियों का वेतन फेशियल अटेंडेंस के नाम पर रोका जा रहा है। साथ ही संविदा कर्मियों के वेतन से लगातार पिछले चार माह से दो से चार हजार रुपये तक की धनराशि की कटौती की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि यह उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो आगामी 25 अगस्त 2025 से प्रत्येक जिला एवं मंडल कार्यालय पर शांतिपूर्ण सत्याग्रह आंदोलन छेड़ा जाएगा।इसी मुद्दे को लेकर विद्युत वितरण खंड बरईपुर, वाराणसी के अंतर्गत 33/11 केवी उपकेंद्र सेवापुरी पर संगठन की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के पूर्वांचल उपाध्यक्ष संदीप कुमार ने की।
इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें हर परिस्थिति में सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति बहाल रखने के लिए प्रेरित किया।बैठक में बड़ी संख्या में संविदा और नियमित कर्मचारी शामिल हुए। इस अवसर पर 15 कर्मचारियों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में संगठन पदाधिकारी पवन शर्मा खंडीय उपाध्यक्ष, डिवीजन द्वितीय, रवींद्र पटेल जिला अध्यक्ष संविदा, राजेश पटेल भी उपस्थित रहे।संगठन ने बताया कि प्रबंधन द्वारा बार-बार फेशियल अटेंडेंस की आड़ में कर्मचारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। कर्मचारियों के वेतन से अनुचित कटौती कर उनकी आजीविका पर चोट की जा रही है। यह रवैया न केवल असंवैधानिक है, बल्कि श्रमिकों के अधिकारों का हनन भी है।बैठक के सफल आयोजन पर संगठन ने वाराणसी जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र बहादुर सिंह वीसेन के प्रति आभार प्रकट किया। साथ ही संकल्प लिया गया कि कर्मचारियों की न्यायसंगत मांगों को लेकर संगठन अब पीछे नहीं हटेगा। यदि प्रबंधन ने अपनी कार्यशैली में बदलाव नहीं किया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।