दशाश्वमेध घाट स्थित गंगा सेवा निधि कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्था के अध्यक्ष सुशान्त मिश्र ने बताया कि इस वर्ष भी विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली महोत्सव का आयोजन 5 नवम्बर को सायं 5:15 बजे भव्य रूप से होगा।कार्यक्रम में 21 कुंतल फूल-मालाओं और 51 हजार दीपों से दशाश्वमेध घाट सजाया जाएगा। देव दीपावली इस वर्ष ऑपरेशन सिंधूर को समर्पित रहेगी।संस्था द्वारा गंगा स्वच्छता, पर्यावरण और जल संरक्षण का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं से माँ गंगा को निर्मल बनाए रखने का संकल्प दिलाया जाएगा।
महोत्सव के अवसर पर भारत के अमर वीर योद्धाओं को “भगीरथ शौर्य सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही अमर जवान ज्योति की प्रतिकृति पर रिथ लेइंग (पुष्प अर्पण) किया जाएगा। मुख्य अतिथि के रूप में एयर मार्शल बी. मणीकान्तन, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, NDRF, CRPF एवं अन्य बलों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।कार्यक्रम में माँ गंगा की वैदिक पूजा, महाआरती, और सांस्कृतिक प्रस्तुति (माता प्रसाद मिश्र एवं टीम द्वारा) होगी। सुरक्षा के लिए 24 CCTV कैमरे, 150 वालंटियर्स, NDRF वाटर एम्बुलेंस, और चिकित्सा दल की व्यवस्था की गई है।
