कोडीन कफ सिरप से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार जारी है। लगभग 30 घंटे तक चली गहन जांच और पूछताछ के बाद ED की टीम शुभम जायसवाल के आवास से रवाना हो गई। जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई में आधा दर्जन से अधिक संख्या में ED के अधिकारी और कर्मचारी शुभम जायसवाल के घर पहुंचे थे। टीम ने लंबी पूछताछ के साथ दस्तावेजों की गहन जांच की। सूत्रों के मुताबिक, ED की टीम इस दौरान कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य भी अपने साथ ले गई है। हालांकि, प्रवर्तन निदेशालय की ओर से अब तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
मामले में आगे और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है, वहीं ED की जांच के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का दौर तेज है। वहीं कोडीन कफ सिरप से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के बीच मुख्य सरगना बताए जा रहे शुभम जायसवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह दुबई स्थित एक होटल का है। वीडियो में शुभम जायसवाल होटल की लॉबी में टहलता हुआ नजर आ रहा है और मोबाइल फोन पर बातचीत करता दिखाई दे रहा है। अनुमान है कि, शुभम जायसवाल ED की छापेमारी से जुड़ी पल-पल की जानकारी रख रहा था।
हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। प्रवर्तन निदेशालय की ओर से भी इस वीडियो को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की जांच जारी है और ED की कार्रवाई को लेकर लगातार नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।कोडीन कफ सिरप मामले में चल रही इस कार्रवाई ने एक बार फिर तस्करी और अवैध नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

.jpeg)
