वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरडीहा (जीवधीपुर) इलाके में अराजकतत्वों ने खुलेआम कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए घर के बाहर खड़ी एक स्कूटी में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना के बाद से पीड़ित बरसाती राजभर भय और मानसिक तनाव में है। पीड़ित का आरोप है कि 10 दिसंबर को हुई घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की है।
पीड़ित बरसाती राजभर के अनुसार, 10 दिसंबर की रात अज्ञात लोगों ने उनके घर के बाहर खड़ी स्कूटी को निशाना बनाया। पेट्रोल डालकर आग लगाए जाने से स्कूटी पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।घटना की सूचना पीड़ित ने तत्काल स्थानीय चौकी को दी और लिखित तहरीर भी सौंपी, लेकिन अब तक FIR दर्ज न होने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है, जिससे पूरे परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित ने यह भी बताया कि घटनास्थल के आसपास कई CCTV कैमरे लगे हुए हैं, जिनकी फुटेज से आरोपियों की पहचान आसानी से की जा सकती है। इसके बावजूद पुलिस द्वारा अब तक CCTV फुटेज खंगालने की कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता के चलते अराजकतत्वों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। पीड़ित बरसाती राजभर ने उच्च पुलिस अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर तत्काल FIR दर्ज कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

.jpeg)
