वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध व्यापार में शामिल माफियाओं पर शिकंजा कसते हुए सरगना शुभम जायसवाल और महेश कुमार सिंह पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए SIT, UP STF और एंटी-नारकोटिक्स की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।प्रह्लादघाट निवासी शुभम जायसवाल पर कफ सिरप के बड़े नेटवर्क को संचालित करने का आरोप है। उसके खिलाफ वाराणसी के अलावा सोनभद्र, जौनपुर, चंदौली और गाजियाबाद में भी मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह दुबई, कोलकाता, दिल्ली, झारखंड और उत्तराखंड में भी अपने ठिकाने बदलता रहा है।
रांची के कोतवाली थाने में शैली ट्रेडर्स के प्रोप्राइटर भोला प्रसाद, शुभम और 38 फार्मों के खिलाफ NDPS और धोखाधड़ी समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है।हाल ही में रोहनिया थाना क्षेत्र के एक मकान से 2 करोड़ से ज्यादा की कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद की गई थी, जिसके मकान मालिक महेश कुमार सिंह को भी पुलिस ने इनामिया घोषित किया है। शुभम के पार्टनर अमित सिंह टाटा और आलोक प्रताप सिंह को STF पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।जांच आगे बढ़ने के साथ SIT ने निजी बैंकों के छह प्रबंधकों और एक चार्टर्ड अकाउंटेंट से पूछताछ की है। पुलिस ने संबंधित फर्मों के बैंक ट्रांजैक्शन और खातों की गहन जांच की है। सूत्रों के अनुसार, जांच पूरी होने पर कुछ बैंक अधिकारियों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक सकती है।डीसीपी काशी जोन गौरव वंशवाल ने कहा कि नेटवर्क बेहद बड़ा है और कई राज्यों तक फैला हुआ है। पुलिस हर संबंधित व्यक्ति और संस्था की भूमिका की जांच कर रही है।
Tags
Trending
.jpeg)
