वाराणसी हरहुआ क्षेत्र के बड़ागांव थाना अंतर्गत शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण रिंग रोड फेज-2 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोईराजपुर गांव के पास सुबह करीब 6 बजे तीन भारी वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में दोनों हाईवा टिपरों के केबिन क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।जानकारी के अनुसार, रात को ट्रेलर वाहन (यूपी62बीटी 3150) के चालक संदीप कुमार यादव, निवासी तिवारी का पुरवा, उगरपुर, सुल्तानपुर ने अपना वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया था और उसी में सो गया था।
शनिवार सुबह राजातालाब की ओर से आ रही हाईवा टिपर (यूपी63बीटी 4691) के चालक को घने कोहरे के कारण खड़ा ट्रेलर दिखाई नहीं दिया और उसने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में हाईवा चालक को हल्की चोटें आईं, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए भेजा गया।इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य हाईवा टिपर (बीआर 28 जीबी 6186) का चालक भी समय रहते वाहन पर नियंत्रण नहीं कर सका और आगे हुए हादसे में जा टकराया। तीसरी टक्कर के बाद तीनों वाहन सड़क पर फंस गए, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही हरहुआ पुलिस चौकी के कार्यवाहक चौकी प्रभारी के.के. वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर रिंग रोड पर आवागमन को सुचारु कराया।कार्यवाहक चौकी प्रभारी के.के. वर्मा ने बताया कि तीनों वाहन चालक आपस में बातचीत कर रहे हैं और फिलहाल किसी भी वाहन स्वामी की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घने कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों से सतर्कता बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की है।

.jpeg)
