लंका, नगवां स्थित इण्टरनेशनल हिन्दू स्कूल में काशी तमिल संगमम् का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भाषायी प्रेम को सुदृढ़ करते हुए उन्हें तमिल भाषा एवं समृद्ध संस्कृति से परिचित कराना रहा।कार्यक्रम में तमिल भाषा और संस्कृति पर आधारित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ विद्यालय के छात्रों द्वारा आकर्षक ढंग से प्रस्तुत की गईं। तमिल छात्रों द्वारा शिव आराधना पर आधारित नृत्य प्रस्तुति को दर्शकों ने विशेष रूप से सराहा।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. सुमन कुमार मिश्र ने ओहायो (यूएसए) से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपने संदेश में कहा कि काशी तमिल संगमम्–2025 प्रधानमंत्री द्वारा प्रायोजित एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है, जो विद्यार्थियों में सांस्कृतिक मैत्री और राष्ट्रीय एकता को मजबूती प्रदान करेगी।कार्यक्रम का शुभारंभ तमिल प्रतिनिधियों एवं विद्यालय की प्रबंधक संध्या मिश्रा, प्रधानाचार्य संतोष कुमार तिवारी तथा सलाहकार जयन्ती सामत द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार तिवारी ने किया।
समारोह में तमिलनाडु से पधारे विशिष्ट अतिथियों में आईआईटी मद्रास के निदेशक वी. शेखर, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिद्धा के निदेशक जी. सेंथिलवेल एवं डॉ. वी. मंजरी, सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ क्लासिकल तमिल के कोऑर्डिनेटर अराल ओली तथा डॉ. सेल्वांगवारी सहित अन्य तमिल प्रतिनिधि उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य गणेश शंकर चतुर्वेदी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की सलाहकार जयन्ती सामंत, हेड मिस्ट्रेस अनुपम श्रीवास्तव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

.jpeg)
