लखनऊ में युवक की गला रेतकर हत्या, सड़क पर पड़ा मिला खून से लथपथ शव

राजधानी लखनऊ के PGI थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। युवक का खून से लथपथ शव शहीद पथ पर सड़क किनारे पड़ा मिला। पास खड़ी उसकी बाइक भी खून से सनी हुई थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पत्नी पति के शव के पास बैठकर चीखने-चिल्लाने लगी, जिससे वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।मृतक की पहचान उतरठिया गांव निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। वह पत्नी पूजा के साथ PGI इलाके में किराए के मकान में रहता था। दोनों मूल रूप से कानपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रदीप एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था।

घटनास्थल पर मृतक की बाइक खड़ी मिली, जिस पर खून फैला हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि हत्या बाइक के पास ही की गई। बाइक के हैंडल पर एक पन्नी बंधी मिली, जिसमें रोल लिपटे हुए थे। पन्नी भी खून से सनी हुई थी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पन्नी में मौजूद रोल का हत्या से कोई संबंध है या नहीं।सूचना मिलते ही एडीसीपी साउथ रलापल्ली वसंथ कुमार और एसीपी गोसाईगंज ऋषभ यादव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि बाइक पर पीछे बैठे युवक ने ही प्रदीप की हत्या की थी। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े दो वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहा युवक ही हत्या का आरोपी है। आरोपी युवक अमेठी जनपद का निवासी बताया जा रहा है।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post