गौ पूजा के साथ शंकराचार्य के समर्थन में कांग्रेस, अजय राय का सरकार पर तीखा हमला

गौ माता की रक्षा को लेकर निरंतर आवाज उठाने वाले शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के समर्थन में कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को ईश्वरगंगी तालाब स्थित गोशाला में विधिवत गो पूजा कर गो-रक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने स्वयं गो पूजा कर स्पष्ट संदेश दिया कि कांग्रेस पार्टी गो माता, संत समाज, लोकमाता अहिल्याबाई द्वारा संरक्षित धरोहरों और सनातन मूल्यों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है।अजय राय ने कहा कि शंकराचार्य का अपमान और सनातन आस्था पर किया गया प्रहार यह साबित करता है कि मोदी-योगी सरकार सनातन विरोधी मानसिकता के साथ काम कर रही है। 

उन्होंने कहा कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जैसे महान सनातन धर्मगुरु, जिन्होंने जीवन भर समाज को ज्ञान, संस्कार और धर्म का मार्ग दिखाया, आज उनसे यह साबित करने को कहा जा रहा है कि वे शंकराचार्य हैं, जो पूरे सनातन समाज के लिए अत्यंत शर्मनाक है। जिन संतों के विचारों से लाखों लोगों को दिशा मिली, उन्हें अपने सम्मान और अस्तित्व की रक्षा के लिए अनशन पर बैठना पड़ रहा है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बटुकों की शिखा नोचना, बुजुर्ग संतों पर लाठियां चलवाना योगी सरकार का अति निंदनीय कृत्य है। उन्होंने कहा कि जो सरकार खुद को गौ-रक्षा और सनातन की रक्षक बताती है, उसी सरकार के शासन में उत्तर प्रदेश गोमांस का सबसे बड़ा निर्यातक बन गया है, जो कथनी और करनी के बीच बड़े विरोधाभास को दर्शाता है।अजय राय ने मणिकर्णिका घाट के सौंदर्यीकरण पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस पवित्र तीर्थ की मूल आत्मा को नुकसान पहुंचाया गया है। 

मणिकर्णिका घाट केवल एक घाट नहीं, बल्कि सनातन धर्म की आस्था का वैश्विक केंद्र और मोक्ष का द्वार है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सीधा सवाल करते हुए कहा कि यदि मूर्ति से जुड़ा वीडियो AI जनरेटेड है, तो उसके ठोस प्रमाण सार्वजनिक किए जाएं या फिर स्पष्ट किया जाए कि मूर्ति कहां रखी गई है। एक ओर मंत्री और अधिकारी मूर्ति टूटने की बात स्वीकार कर रहे हैं और दूसरी ओर उसी मामले को AI वीडियो बताया जा रहा है, यह सरकार की नीयत और मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।कार्यक्रम में सतनाम सिंह, मनीष मोरोलिया, चंचल शर्मा, विजय देवल, हसन मेहदी कब्बन, नरसिंह दास वर्मा समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post