भोजपुरी सिनेमा के स्टार पवन सिंह एक निजी पार्टी के दौरान अचानक गुस्से में आ गए। मंच पर गीत गाते समय दर्शकों में मौजूद एक युवक द्वारा की गई टिप्पणी से नाराज होकर पवन सिंह माइक लेकर उसे मारने के लिए आगे बढ़ने लगे। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक लिया।
जब पवन सिंह लखनऊ में भोजपुरी सिंगर गुंजन सिंह की बर्थडे पार्टी में शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में अभिनेत्री महिमा सिंह और मिस्ट्री गर्ल भी मौजूद थीं, जिनसे पवन सिंह की शादी को लेकर हाल के दिनों में चर्चाएं सामने आई थीं।मंच से गाना गा रहे पवन सिंह वीडियो में कहते दिख रहे हैं, “मैं आज कुछ अच्छा सुनने के मूड में हूं।” इसी दौरान भीड़ से किसी युवक ने कुछ टिप्पणी कर दी। इस पर पवन सिंह नाराज हो गए और माइक हाथ में लेकर स्टेज से आगे बढ़ने लगे। उनके आसपास खड़े लोगों ने तुरंत उन्हें पकड़कर रोक लिया।
वीडियो में पीछे से आवाज आती सुनाई देती है, “भइया को रोक लो, नहीं तो वो मार देंगे।” इसके बाद कुछ लोग पवन सिंह को घेर लेते हैं। इसी दौरान गुंजन सिंह भी स्टेज से नीचे आए और पवन सिंह को समझाकर वापस ले गए।पार्टी में मौजूद बाउंसर्स ने उस युवक को पकड़ लिया और खींचकर बाहर कर दिया। इस दौरान युवक के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। वहीं पीछे से यह आवाज भी सुनाई दी कि “सब लोग कैमरा बंद कर लो।”इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। फिलहाल इस मामले में किसी तरह की पुलिस शिकायत या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

.jpeg)
