रामनगर थाना क्षेत्र के डोमरी गांव में किसानों ने अपनी जमीन को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में गंगा के प्रवाह को रोका जा रहा है और बड़े पैमाने पर मठ एवं सीवरेज निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, जिससे उनकी पुश्तैनी जमीन प्रभावित हो रही है।धरने में शामिल किसानों का कहना है कि वे पीढ़ियों से इस भूमि पर खेती करते आ रहे हैं। अब निर्माण कार्यों के चलते उनकी जमीन पर कब्जे और सीमांकन को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया। महिलाओं ने कहा, “हमें हमारी जमीन चाहिए। हम पुश्तों से यहां रह रहे हैं, हमारे बच्चे भी खेती करते हैं। अगर जमीन ही नहीं रहेगी तो हमारा परिवार कहां जाएगा?”ग्रामीणों का आरोप है कि विकास कार्यों के नाम पर उनकी आजीविका छीनी जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

