वाराणसी। बनारस कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी प्रेमिका के पिता को फंसाने की साजिश के तहत यह धमकी भरा संदेश भेजा था।
ऐसे सामने आया मामला
एलएलबी के छात्र अजीत कुमार सरोज ने बार काउंसिल के सदस्य व वरिष्ठ फौजदारी अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी के मोबाइल पर कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी का मैसेज भेजा। अधिवक्ता की तहरीर पर भेलूपुर थाने में संदिग्ध मोबाइल नंबर 07796041673 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस जांच में पता चला कि धमकी भरा संदेश बुधवार रात करीब 2:30 बजे भेजा गया था, जिसमें कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की बात लिखी थी।
साजिश का खुलासा
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अपनी प्रेमिका के पिता को रास्ते से हटाने के उद्देश्य से उन्हें फंसाना चाहता था। इसके लिए उसने कथित तौर पर उनके मोबाइल से सिम निकालकर अपने फोन में लगाई और धमकी भरा संदेश भेज दिया।हालांकि तकनीकी जांच और सर्विलांस के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। पूछताछ में युवक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
सुरक्षा एजेंसियां हुईं अलर्ट
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। एहतियातन बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को कचहरी परिसर में बुलाकर सघन जांच कराई गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट, एसीपी और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। बार एसोसिएशन पदाधिकारियों ने भी घटना की जांच और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
पहले भी मिल चुकी थी धमकी
बताया गया कि इससे पहले भी जिला जज के ईमेल पर इस तरह की धमकी मिल चुकी थी। फिलहाल कचहरी में न्यायिक कार्य सामान्य रूप से जारी है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

