डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित युवा महोत्सव ‘उड़ान’ एवं ‘स्पंदन’ के विजयी प्रतिभागियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कॉलेज के आईक्यूएसी के अंतर्गत सांस्कृतिक समिति द्वारा स्व. पीएन सिंह यादव स्मृति सभागार में हुए इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बीएचयू के छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने विजेताओं को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान किए।इस अवसर पर प्रो. रंजन कुमार सिंह ने कहा कि सफलता केवल जीतने में नहीं, बल्कि प्रयास करने में भी निहित है। उन्होंने युवाओं से दूसरों से नहीं, बल्कि स्वयं से प्रतिस्पर्धा करने का आह्वान किया। साथ ही युवा महोत्सव को मानसिक और शारीरिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में का. प्राचार्य प्रो. मिश्रिलाल, उप प्राचार्य प्रो. संगीता जैन और प्रो. राहुल, छात्र सलाहकार डॉ. विकास कुमार सिंह सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। संचालन डॉ. साक्षी चौधरी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. तरु सिंह ने दिया।युवा महोत्सव की करीब 40 प्रतियोगिताओं में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। क्विज में सूर्यांश चतुर्वेदी एवं समूह, हिंदी संभाषण में उत्कर्ष तिवारी, टर्न कोट में कुमार हर्ष, निबंध लेखन में दिव्यांश सोनी और अमित कुमार, काव्य पाठ में गोविंद नारायण वैभव, ऑन द स्पॉट पेंटिंग में समृद्धि श्री, रंगोली में सिमरन कुमारी, शास्त्रीय गायन में शिवांग पाण्डेय, वेस्टर्न ग्रुप सांग में श्रुति थापा एवं समूह, शास्त्रीय नृत्य में इशिता त्रिवेदी, फोक डांस में श्री बरनवाल एवं समूह, शॉर्ट प्ले में राहुल एवं समूह, माइम में अंचल सिंह, मोनो एक्टिंग में राहुल कुमार व शताब्दी दास तथा मिमिक्री में अक्षय कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।सांस्कृतिक शोभायात्रा में कला संकाय को प्रथम स्थान मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

