चैत्र नवरात्रि की नवमी तिथि के पावन अवसर पर शुक्रवार को रवींद्रपुरी स्थित अघोरपीठ में भव्य कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बाबा कीनाराम स्थल पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।नवरात्रि के अंतिम दिन आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बालिकाओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर विधि-विधान से पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पहले कन्याओं के चरण धोए, इसके बाद उन्हें आसन पर बैठाकर पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना की। पूजन के उपरांत कन्याओं को सात्विक भोजन कराया गया और उपहार व दक्षिणा भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, नवरात्रि के दौरान कन्याओं का पूजन अत्यंत फलदायी माना जाता है, क्योंकि उन्हें मां दुर्गा का साक्षात स्वरूप माना जाता है। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।यह आयोजन चैत्र नवरात्रि और रामनवमी के पावन समापन के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा क्षेत्र भक्ति रस में डूबा नजर आया।

