वासंतिक नवरात्र की सप्तमी तिथि पर देवी के पावन स्वरूप माँ भवानी गौरी की पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्ति के साथ की गई। इस अवसर पर अन्नपूर्णा मंदिर के राम जानकी मंदिर स्थित मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।मां भवानी गौरी को विघ्न-विनाशिनी और सुख-समृद्धि प्रदान करने वाली देवी माना जाता है। मान्यता है कि सच्चे मन से इनके दर्शन और पूजन करने से जीवन के सभी कष्ट, भय और बाधाएं दूर हो जाती हैं तथा घर-परिवार में सुख-शांति और समृद्धि का वास होता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भवानी तीर्थ में स्नान कर मां भवानी गौरी की पूजा करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। इससे भक्तों के जीवन से भय समाप्त होता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।नवरात्र की सप्तमी पर बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां का पूजन कर अपने और अपने परिवार के लिए सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।इस दौरान मंदिर में सुरक्षा और व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।नवरात्र के पावन पर्व पर मां भवानी गौरी के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिल रहा है।

