नगर निगम वाराणसी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति से पहले कर वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि 31 मार्च 2026 तक टैक्स जमा न करने पर अगले वित्तीय वर्ष में 50 प्रतिशत तक विलंब शुल्क के साथ वसूली की जाएगी।नगर निगम द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष संपत्ति कर वसूली में तेजी देखने को मिली है। 225 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 18 मार्च 2026 तक करीब 1.80 लाख भवन स्वामियों से 192.23 करोड़ रुपये वसूले जा चुके हैं। वहीं सरचार्ज में दी गई छूट का लाभ उठाते हुए 27,352 भवन स्वामियों ने 36.19 करोड़ रुपये जमा किए, जिससे उन्हें लगभग 15.88 करोड़ रुपये की बचत हुई।
नागरिकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। करदाता नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से टैक्स जमा कर सकते हैं, वहीं सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जोनल कंप्यूटर केंद्रों पर भी भुगतान किया जा रहा है। इसके अलावा राजस्व निरीक्षक ‘एम-पास’ डिवाइस के जरिए घर-घर जाकर वसूली कर रहे हैं।करेत्तर राजस्व के तहत नगर निगम की 1924 दुकानों से भी किराया वसूली जारी है। दुकानदारों की सुविधा के लिए सभी दुकानों में QR कोड की व्यवस्था की गई है, जिससे वे आसानी से अपना मासिक किराया जमा कर रहे हैं। इस मद में 101.94 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 88.78 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है।नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद बकाया करदाताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और 50 प्रतिशत तक अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा।

