स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल की जगतगंज शाखा में गुरुवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम एवं प्रगति वितरण समारोह का आयोजन विद्यालय परिसर में भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक प्रकाशध्यानानन्द एवं प्रधानाचार्या रचना अग्रवाल की उपस्थिति में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।विद्यालय सत्र 2025-26 का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं ने विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।प्राप्त जानकारी के अनुसार एलकेजी से कक्षा 7 तक में शिवाय यादव ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। यूकेजी में अस्मिता यादव 99.88 प्रतिशत के साथ प्रथम रहीं, जबकि अनिका यादव और अर्चिता यादव ने 99.63 प्रतिशत अंक प्राप्त कर श्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 5 में वर्तिका गुप्ता ने 98.64 प्रतिशत तथा कक्षा 7 में अर्सिता सिंह ने 97.19 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
उच्च कक्षाओं में भी विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। कक्षा 8 में आदित्य मिश्रा 94.19 प्रतिशत के साथ प्रथम रहे, कक्षा 9 में अंजिका पटेल 92.50 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान पर रहीं। कक्षा 11 वाणिज्य वर्ग में कृष्णा यादव ने 75.33 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि विज्ञान वर्ग में कनिष्क सिंह ने 70.33 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने सभी उत्तीर्ण एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्या रचना अग्रवाल ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।विद्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह में अभिभावकों और छात्रों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

