वाराणसी, उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (दारोगा) भर्ती परीक्षा 46 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।परीक्षा के दौरान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सघन जांच से गुजरना पड़ा ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके।जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से लगातार संपर्क में रहकर परीक्षा की सुचिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिले में कुल 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां दो दिनों में चार पालियों में परीक्षा आयोजित की गई। शनिवार को आयोजित परीक्षा की दोनों पालियों में कुल 38,880 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 18,622 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।प्रथम पाली में 19,440 में से 9,221 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 19,440 में से 9,401 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार प्रथम पाली में लगभग 47 प्रतिशत और द्वितीय पाली में 48 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।भर्ती बोर्ड के तय प्रोटोकॉल के तहत प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और इनविजिलेटर की तैनाती की गई थी। साथ ही परीक्षा कक्षों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए और कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग की गई।जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया और पूरी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी। प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों और कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की।

