वासंतिक नवरात्र की अष्टमी के पावन अवसर पर स्वाद्रपुरी स्थित गोपी राधा प्राइमरी स्कूल एवं बालिका इंटर कॉलेज के प्रांगण में 108 गौरी स्वरूपा कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। इस भव्य आयोजन में एलकेजी से लेकर कक्षा पांच तक की छात्राओं को देवी स्वरूप मानकर उनका आदर-सत्कार किया गया।कार्यक्रम का मुख्य सानिध्य प्रख्यात ज्योतिर्विद एवं संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय, बीएचयू के पूर्व संकाय प्रमुख प्रो. चंद्रघौली उपाध्याय का रहा। उनके साथ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार शाह एवं निदेशिका डॉ. शालिनी शाह ने पूरे विधि-विधान से कन्याओं की पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
इस दौरान कन्याओं के चरण पखारे गए, उनका श्रृंगार किया गया तथा उन्हें फल, प्रसाद एवं दक्षिणा भेंट की गई। उपस्थित समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर उनकी पूजा-अर्चना की। इस भावपूर्ण दृश्य ने सभी को श्रद्धा से अभिभूत कर दिया।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने माता के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

