बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल, डोमरी (पड़ाव) में गुरुवार को विद्यालय का वार्षिक परीक्षाफल हजारों छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों की उपस्थिति में विद्यालय सभागार में वितरित किया गया। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षाफल शत-प्रतिशत रहा, जिससे विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा।कार्यक्रम के दौरान प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण एवं 90 से 99 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों को भी विद्यालय की ओर से विशेष स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अभिभावकों में गर्व और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।पुरस्कार वितरण समारोह में विद्यालय के निदेशक श्री मुकुल पाण्डेय, प्रहलादघाट की प्रधानाचार्या श्रीमती स्नेहलता पाण्डेय, डोमरी शाखा की प्रधानाचार्या श्रीमती नीता त्रिपाठी एवं मुख्य मार्केटिंग मैनेजर श्रीमती अपूर्वा पाण्डेय ने मेधावी छात्रों को सम्मानित किया।
निदेशक श्री मुकुल पाण्डेय ने विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि टाटा बिल्डिंग द्वारा आयोजित निबंध प्रतियोगिता एवं ओलंपियाड में प्रतिभाग करने वाले 87 विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र व मेडल प्रदान किए गए। इससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा बच्चों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने अभिभावकों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती नीता त्रिपाठी ने सभी का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अनिता पाण्डेय एवं सुश्री निकिता घोष ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
