सिक्किम आज अपना 51वां स्थापना दिवस मना रहा है। 16 मई 1975 को सिक्किम आधिकारिक तौर पर भारत का 22वां राज्य बना था। इस ऐतिहासिक मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई बड़े नेताओं ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी करते हुए कहा कि सिक्किम के लोगों का अपनापन उनकी यादों का खास हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भारत के विकास में सिक्किम की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है और केंद्र सरकार राज्य की प्रगति के लिए आगे भी हर संभव सहयोग देती रहेगी। प्रधानमंत्री ने हाल ही में सिक्किम यात्रा के दौरान यहां के लोगों के बीच बिताए गए पलों को भी याद किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संदेश में कहा कि सिक्किम अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता के लिए पूरे देश में अलग पहचान रखता है। उन्होंने इसे सतत विकास का आदर्श मॉडल बताया।वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सिक्किम को दुनिया का पहला पूर्ण जैविक राज्य बताते हुए कहा कि राज्य ने पर्वतीय पर्यटन और ऑर्गेनिक खेती के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है।मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कंचनजंगा की पवित्र छाया और सिक्किम की सांस्कृतिक विरासत पूरे देश को प्रेरित करती है। उन्होंने लोगों से एकता, अनुशासन और विकास की भावना बनाए रखने की अपील की।लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सिक्किम की जैविक खेती, स्वच्छता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी राज्यवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मनोहर लाल खट्टर ने सिक्किम की लोक संस्कृति और प्राकृतिक वैभव की प्रशंसा की। नेताओं ने कहा कि पिछले 50 वर्षों में सिक्किम ने लोकतंत्र, विकास, जैव विविधता और स्वच्छ वातावरण के क्षेत्र में देश-दुनिया के सामने एक आदर्श प्रस्तुत किया है।
Tags
Trending

