पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर के बड़े भाई शाहिद अख्तर के जनाजे का एक वीडियो सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया है। वीडियो में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े राजनीतिक संगठन पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) के कई पदाधिकारी अंतिम संस्कार में शामिल होते नजर आ रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, शाहिद अख्तर का हाल ही में कार्डियक अरेस्ट से निधन हुआ था। इस्लामाबाद में आयोजित जनाजे में पीएमएमएल के इस्लामाबाद अध्यक्ष इनाम-उर-रहमान कांबोह, डिप्टी जनरल सेक्रेटरी अब्दुल्ला तूर, जोनल जनरल सेक्रेटरी हाफिज उमर और खिदमत कमेटी के चेयरमैन अमजद भट्टी समेत कई नेता मौजूद रहे। इन नेताओं ने दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मुलाकात भी की।
वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद पाकिस्तान में आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों की सार्वजनिक गतिविधियों को लेकर बहस तेज हो गई है। भारत पहले भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान पर आतंकवादी संगठनों को संरक्षण देने का आरोप लगाता रहा है और इस घटना को भी उसी संदर्भ में देखा जा रहा है।
पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने अपने भाई के निधन पर सोशल मीडिया के माध्यम से दुख जताया था। हालांकि, जनाजे में कथित तौर पर लश्कर से जुड़े नेताओं की मौजूदगी को लेकर उन्होंने अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।



