विधवा महिला की शिकायत पर सपा पार्षद गिरफ्तार, फोन कर बातचीत के लिए दबाव बनाने का आरोप

वाराणसी। मध्यमेश्वर वार्ड से समाजवादी पार्टी के पार्षद भइया लाल यादव को चेतगंज पुलिस ने एक विधवा महिला की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। महिला ने पार्षद पर लगातार फोन करने, बातचीत के लिए दबाव बनाने और बात नहीं करने पर कथित तौर पर आत्महत्या की धमकी देने का आरोप लगाया है।

महिला की तहरीर के आधार पर चेतगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 78(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की गई और आरोपों के संबंध में पार्षद से पूछताछ की गई। जांच के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।महिला ने पुलिस को बताया कि करीब आठ वर्ष पहले उसके पिता की तबीयत खराब होने के दौरान भइया लाल यादव ने आर्थिक मदद की थी। इसके बाद उनका महिला के घर आना-जाना शुरू हुआ और दोनों के बीच फोन पर बातचीत भी होती थी। महिला के मुताबिक, उस समय उसे पार्षद की नीयत पर कोई संदेह नहीं था।

Advertisement 

महिला का आरोप है कि बाद में पार्षद की ओर से लगातार फोन किए जाने लगे और उससे बातचीत करने के लिए दबाव बनाया जाने लगा। आरोप है कि बातचीत से इनकार करने पर पार्षद कथित तौर पर आत्महत्या करने की धमकी देते थे। लगातार फोन और दबाव से परेशान होकर महिला ने चेतगंज थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की।चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की गई। जांच के बाद आरोपी पार्षद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Advertisement 

Advertisement 




Post a Comment

Previous Post Next Post