उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होगा। वहीं दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 18 से 22 जून के बीच आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 जून और 23 जून को, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 जून तथा 22-23 जून को बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 23 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों तक पहुंचने का अनुमान है।
उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 17 से 22 जून तक भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 17 से 23 जून के बीच कई स्थानों पर वर्षा का पूर्वानुमान है। इन क्षेत्रों में कुछ दिनों तक तेज हवाएं, बिजली गिरने और आंधी-तूफान की भी चेतावनी जारी की गई है।दूसरी ओर, मध्य प्रदेश में 21 जून तक, विदर्भ में 20 जून तक और तेलंगाना व छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में फिलहाल हीटवेव का असर बना रहेगा।
दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कई इलाकों में 17 से 23 जून के बीच बारिश होने की संभावना है। केरल और माहे में 17 जून को बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी कई दिनों तक भारी वर्षा हो सकती है।मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह के दौरान देश के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।


