उत्तराखंड के ऋषिकेश में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका पी. राधा गायत्री के पिता ने बेटी की मौत पर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे उनकी बेटी ने पति के साथ एक सेल्फी भेजी थी, लेकिन सुबह आठ बजे दामाद का फोन आया कि गायत्री की मौत हो चुकी है।पुलिस के अनुसार, गायत्री अपने पति सौम्य श्रीचरण के साथ जन्मदिन मनाने के लिए टिपरीधार स्थित एक होमस्टे में ठहरी थीं।
पति का दावा है कि दोनों ने रात में शराब पी थी और तड़के सोने के बाद जब वह जागा तो पत्नी अचेत अवस्था में मिली। उसके अनुसार, गायत्री की नाक से खून बह रहा था।मौके पर पहुंची पुलिस को महिला का शव कमरे के फर्श पर मिला। कमरे से शराब की खाली बोतलें, दवाओं की स्ट्रिप्स और अन्य सामान बरामद किया गया है। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेजा गया है।
मृतका के पिता पी. सुधाकर ने पुलिस में शिकायत देकर मामले की गहन जांच की मांग की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और विस्तृत पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।गौरतलब है कि गायत्री और सौम्य श्रीचरण की शादी नवंबर 2025 में हुई थी। दोनों की मुलाकात दोस्तों के माध्यम से हुई थी और शादी के बाद गायत्री गुरुग्राम में नौकरी कर रही थीं, जबकि उनके पति पुणे की एक आईटी कंपनी में कार्यरत हैं। फिलहाल इस रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मिल सकेगा।


