भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने बिजली विभाग के एक अवर अभियंता (जेई) को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी नए मकान के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन जारी करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था।जानकारी के अनुसार कैंट थाना क्षेत्र के टकटकरपुर निवासी अमित कुमार श्रीवास्तव ने अपने निर्माणाधीन मकान के लिए अस्थायी विद्युत कनेक्शन हेतु ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि विद्युत उपखंड पांडेयपुर में तैनात अवर अभियंता सुखदेव स्वरूप रस्तोगी ने कनेक्शन जारी करने के बदले 22 हजार रुपये की मांग की।
पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की। शिकायत की जांच के बाद निरीक्षक उमाशंकर यादव के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। शुक्रवार को जैसे ही आरोपी जेई ने शिकायतकर्ता से 22 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद कराए गए केमिकल परीक्षण में आरोपी के हाथ धुलने पर पानी गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।आरोपी जेई के खिलाफ कैंट थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


