वाराणसी। कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार को एक टीन चादर की दुकान में युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान विकास आनंद (34) पुत्र जे.एस. आनंद, निवासी छोटी पियरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विकास आनंद ने किसी अज्ञात कारण से अपनी दुकान के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और जांच-पड़ताल की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर स्थित शवगृह भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कोतवाली पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

