बंद मकान में 15 लाख की चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र में बंद मकान से लाखों रुपये के आभूषण और सामान चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, चांदी की मूर्तियां, एक लेनोवो टैबलेट समेत करीब 15 लाख रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है।पुलिस के अनुसार 3 जून 2026 को मकान मालिक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बंद पड़े घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ले गए हैं। इस मामले में थाना चितईपुर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर गठित टीम ने लगातार पतारसी और सर्विलांस के जरिए जांच की। मुखबिर की सूचना पर 6 जून को प्रज्ञानगर कॉलोनी से आकाश पटेल (23) निवासी नासिरपुर और अनुज साहनी (22) निवासी प्रज्ञानगर कॉलोनी को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के झुमके, अंगूठियां, चैन, हार, लॉकेट, चांदी की कटोरी, चम्मच, पायल, बिछिया, सिक्के, भगवान कृष्ण, लक्ष्मी और गणेश की चांदी की मूर्तियां, लेनोवो टैबलेट तथा अन्य आर्टिफिशियल ज्वैलरी बरामद की गई। बरामद सामान की पहचान वादी ने अपने चोरी गए सामान के रूप में की है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम, उपनिरीक्षक रवि चौहान समेत थाना चितईपुर और सर्विलांस सेल की टीम शामिल रही।



Post a Comment

Previous Post Next Post