सिगरा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान यशस्वी ललित श्रीवास्तव (28) निवासी राजाजीपुरम, थाना तालकटोरा, लखनऊ के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार आरोपी को 11 जून 2026 की सुबह खरगपुर स्थित कैलाशपुरी कॉलोनी के होटल शिमला ग्रांड के कमरा नंबर-201 से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से .32 बोर की एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
मामला 4 मई 2026 की रात महमूरगंज निवासी संजय यादव पर हुई फायरिंग से जुड़ा है। पीड़ित के अनुसार वह अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी एक सफेद रंग की कार से आए बदमाशों ने उस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी और पुलिस को सूचना दी गई थी।पीड़ित की तहरीर के आधार पर सिगरा थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी यशस्वी ललित श्रीवास्तव की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।


