सर्व वैश्य समाज की जलाभिषेक यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, 5000 कलशों से बाबा विश्वनाथ का अभिषेक

सावन के अंतिम बुधवार को सर्व वैश्य समाज समिति की ओर से बाबा विश्वनाथ के सामूहिक जलाभिषेक एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। लक्सा स्थित मारवाड़ी समाज भवन में 5000 कलशों के पूजन के बाद राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल की अध्यक्षता में शोभायात्रा निकली। गणेश, हनुमान, माता काली और शिव-पार्वती की झांकियों के साथ डमरू दल व भक्ति गीतों पर झूमते श्रद्धालु आकर्षण का केंद्र रहे। गिरजाघर, गोदौलिया और बांसफाटक में विभिन्न संगठनों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर श्रद्धालुओं ने विभिन्न पावन नदियों के जल, दूध, पंचामृत और गन्ने के रस से बाबा विश्वनाथ का अभिषेक किया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत राज्यमंत्री ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया और श्रद्धालुओं को विभिन्न पौधे वितरित किए।

शंकराचार्य चौक पर आयोजित ‘नमस्तुभ्यम्’ कार्यक्रम में महाकाल की भस्म आरती की प्रस्तुति के बाद भजन गायक शेखर जायसवाल ने भजन प्रस्तुत किए, जिस पर श्रद्धालु झूम उठे। गंगा द्वार पर भंडारे में कचौड़ी-सब्जी और जलेबी का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में वाराणसी सहित विभिन्न शहरों से वैश्य समाज के लोग शामिल हुए।




Post a Comment

Previous Post Next Post