रक्षाबंधन पर महिला सफाई कर्मचारियों ने मंत्री की फोटो पर बांधी राखी, लंबित मांगों का मांगा ‘उपहार’

रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश पंचायतीराज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की महिला सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। शास्त्री घाट (वरुणा पुल) पर आयोजित कार्यक्रम में महिला कर्मचारियों ने पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर की तस्वीर पर राखी बांधकर अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।

महिला कर्मचारियों ने मंत्री को 20 दिसंबर 2024 को लखनऊ में किए गए ‘3 माह, 3 मांग’ के वादे की याद दिलाई। उन्होंने विभागीय सेवा नियमावली लागू करने, पदोन्नति की व्यवस्था और पदनाम परिवर्तन की मांग उठाई। महिला कर्मचारियों ने कहा कि रक्षाबंधन पर वे सरकार से अपनी वर्षों से लंबित मांगों को पूरा करने का ‘उपहार’ चाहती हैं।

बारिश के बीच भी महिला सफाई कर्मचारियों ने कार्यक्रम में उत्साह के साथ भाग लिया। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि रक्षाबंधन स्नेह और विश्वास का पर्व है और इसी भावना के साथ मंत्री की तस्वीर पर राखी बांधकर सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने का प्रयास किया गया।कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार, जिलामंत्री कल्लू प्रसाद पटेल समेत बड़ी संख्या में महिला सफाई कर्मचारी मौजूद रहीं।




Post a Comment

Previous Post Next Post