रक्षाबंधन और सावन को लेकर पुलिस अलर्ट, गोदौलिया पहुंचे पुलिस कमिश्नर

रक्षाबंधन पर्व और सावन के अंतिम दिनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए वाराणसी पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। बुधवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने गोदौलिया क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सावन के चारों सोमवार सकुशल संपन्न हो चुके हैं और लाखों श्रद्धालुओं ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। श्रद्धालुओं से व्यवस्था को लेकर सकारात्मक फीडबैक मिला है। सावन के शेष दो दिनों को देखते हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करने और उन्हें अपना मेहमान समझकर सेवा करने के निर्देश दिए गए हैं।

रक्षाबंधन को लेकर प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला पुलिसकर्मियों के साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

वहीं, बढ़ते गंगा जलस्तर को लेकर भी पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। निचले इलाकों में राहत केंद्र शुरू किए गए हैं और प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती की गई है। पुलिस कमिश्नर ने जर्जर एवं असुरक्षित मकानों में रह रहे लोगों से राहत शिविरों में जाने की अपील की, जहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।




Post a Comment

Previous Post Next Post