गाड़ी में बैठाकर छिनैती करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, जेवर और वाहन बरामद

लंका थाना पुलिस ने गाड़ी में बैठाकर छिनैती की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छिनैती की गई सोने की चेन, ब्रेसलेट, अंगूठी, घटना में प्रयुक्त चाकू और वाहन बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को एक व्यक्ति ने लंका थाने में छिनैती की शिकायत दर्ज कराई थी। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में जानकारी मिली।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 21 अगस्त को गढ़वा घाट के पीछे खाली मैदान के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अश्विनी कुमार (46), निवासी नासिरपुर, चितईपुर, वाराणसी, वैभव कुमार (20), निवासी दुल्लमपट्टी, सैयदराजा, चंदौली और राजेश्वर केसरी (25), निवासी लोकवनपुर, सैयदराजा, चंदौली के रूप में हुई है।

आरोपियों के पास से पीली धातु की चेन, ब्रेसलेट, अंगूठी, एक हैंडमेड चाकू और यूपी 32 आरई 5005 नंबर का वाहन बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान छिनैती की घटना से संबंधित है।

लंका पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम घटना में आरोपियों की भूमिका और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।




Post a Comment

Previous Post Next Post