सावन के तीसरे सोमवार पर दर्दनाक हादसा, कार की टक्कर से कांवड़िये की मौत; तीन घायल

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र में सावन के तीसरे सोमवार पर मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे कांवड़ियों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। वाराणसी-गाजीपुर हाईवे बाईपास रोड पर गौरा उपरवार गांव के सामने सड़क किनारे विश्राम कर रहे चार कांवड़ियों को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, चारों कांवड़िये रविवार रात वाराणसी से गंगाजल लेकर पैदल मार्कंडेय महादेव मंदिर के लिए निकले थे। सोमवार सुबह चौबेपुर बाईपास हाईवे पर गौरा उपरवार गांव के सामने पहुंचने के बाद सभी सड़क किनारे बैठकर विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कांवड़ियों की ओर आ गई और चारों को अपनी चपेट में ले लिया।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने काल भैरव, वाराणसी निवासी 25 वर्षीय विनीत तिवारी पुत्र विनोद तिवारी को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में आशीष चौधरी (25), रितेश पासी (27) और सागर (26) घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कांवड़ियों को बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक चौबेपुर अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे में एक कांवड़िये की मृत्यु हुई है, जबकि तीन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।पुलिस ने मृतक कांवड़िये के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।




Post a Comment

Previous Post Next Post