बड़ागांव थाना क्षेत्र के अहरक खास गांव में घर तक आने-जाने के लिए रास्ता नहीं मिलने से परेशान 50 वर्षीय कविता उपाध्याय ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि रास्ते की समस्या को लेकर परिवार लंबे समय से परेशान था और कई बार अधिकारियों से शिकायत के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ।परिजनों के मुताबिक, रास्ते को लेकर आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती थी। उनका आरोप है कि पुराने कच्चे मकान के पीछे स्थित सरकारी जमीन (नवीन परती) पर पटीदारों ने कब्जा कर रास्ता बंद कर दिया है। ऐसे में पड़ोसियों की अनुमति से किसी तरह घर तक आना-जाना पड़ता था।
परिजनों का दावा है कि रास्ते की समस्या के समाधान के लिए तहसील से लेकर जिलाधिकारी तक कई बार प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन अब तक उचित कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि रास्ता नहीं मिलने के कारण पूरा परिवार मानसिक तनाव में था।
घटना के बाद परिजनों ने शव को 14 घंटे से अधिक समय तक घर पर रखा। उनका कहना है कि पहले संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर रास्ते की समस्या का समाधान कराएं, इसके बाद ही वे आगे की कार्रवाई करेंगे। सूचना पर बड़ागांव थाने की पुलिस गांव में मौजूद है और मामले की जांच में जुटी है।



