सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों के उचित प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं भीम आर्मी की ओर से गुरुवार को जिला मुख्यालय पर “संपूर्ण भागीदारी आंदोलन” आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर SC, ST, OBC और महिलाओं के अधिकारों से जुड़ी विभिन्न मांगें उठाईं।
ज्ञापन में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण, दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए कोटे के अंदर कोटा, OBC को लोकसभा और विधानसभाओं में प्रभावी प्रतिनिधित्व तथा जाति जनगणना में OBC के लिए अलग कॉलम की मांग प्रमुख रही। इसके अलावा SC, ST और OBC के बैकलॉग पदों को तत्काल भरने, सरकारी सेवाओं में पदोन्नति में आरक्षण, उच्च न्यायपालिका में इन वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने और OBC क्रीमी लेयर की आय सीमा की समीक्षा की मांग की गई। सरकारी ठेकों और खरीद में आरक्षण, निजी क्षेत्र में उचित प्रतिनिधित्व तथा मंडल आयोग की सिफारिशों को पूर्ण रूप से लागू करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
आंदोलन के दौरान सफाईकर्मियों की स्थायी नियुक्ति, सीवर-सफाई में मानव प्रवेश पूरी तरह बंद करने, सफाईकर्मी की मृत्यु पर 30 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, छात्रों के लिए पर्याप्त छात्रावासों की व्यवस्था तथा मीडिया संस्थानों में वंचित वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से सामाजिक न्याय और समान अवसर से जुड़ी इन मांगों पर संबंधित संवैधानिक संस्थाओं एवं केंद्र सरकार का ध्यान आकृष्ट कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया।


