वाराणसी में सिटी बस सेवा का होगा विस्तार, मारकंडेय महादेव से बाबतपुर तक चलेंगी बसें

वाराणसी में सिटी बस सेवा का विस्तार किया जाएगा। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में मंगलवार को वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के निदेशक मंडल की 35वीं बैठक हुई। बैठक में मारकंडेय महादेव, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), बाबतपुर और सिंधोरा तक सिटी बसें चलाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही काशी दर्शन बस सेवा की ब्रांडिंग और यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में एनसीएमसी कार्ड को सिटी बस और रोपवे सेवा से इंटीग्रेट करने का निर्णय लिया गया। सिटी बसों के मार्गों पर नगर निगम स्तर से बस शेल्टर बनाए जाएंगे। वहीं प्रस्तावित 250 नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए वीरापट्टी, अखरी बाईपास, मोहनसराय स्थित ट्रांसपोर्ट नगर और आयर में मेंटेनेंस डिपो व चार्जिंग स्टेशन के लिए भूमि उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को बसों का संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार नियमित रूप से करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ बसों की स्वच्छता, रख-रखाव और यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, एडीसीपी यातायात, आरटीओ प्रवर्तन और वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post