बिहार के जमुई में बदसलूकी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नंदन यादव और हरेराम यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान नंदन यादव के पैर में गोली लगने की बात सामने आई है, जबकि हरेराम यादव के पैर में चोट लगने की जानकारी है। दोनों को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि घटना के बाद दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। इससे पहले जमुई पुलिस मामले में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी समेत चार आरोपी फरार थे, जिनमें से मुठभेड़ के बाद दो को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
बिहार पुलिस की एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के. सुहिता अनुपम ने पुलिस कार्रवाई की पुष्टि की है। मामले में एफआईआर दर्ज कर BNS की धारा 74 और 76 के साथ POCSO एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।


