वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर किसानों का प्रदर्शन, टोल प्लाजा पर बढ़ाई गई सुरक्षा

वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर टोल वसूली और जमीन अधिग्रहण के मुद्दे को लेकर किसानों का विरोध प्रदर्शन बुधवार को भी देखने को मिला। किसानों के टोल प्लाजा की तरफ जुटने की सूचना के बाद पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। कई रास्तों पर बैरिकेडिंग कर किसानों को आगे जाने से रोक दिया गया। प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर पुलिस और किसानों के बीच कहासुनी भी हुई।

इसी बीच किसान नेता अजीत सिंह डोभी दोपहर करीब एक बजे सरकारी बस से टोल प्लाजा के नजदीक पहुंचे। उनके हाथ में तिरंगा था। बताया गया कि वहां पहुंचने के बाद उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और लाइटर निकाल लिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें काबू में लेकर हिरासत में लिया और पुलिस वाहन से वहां से ले गए। वाहन के पीछे किसानों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद पुलिस और किसान नेताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई।

किसानों के जुटने की आशंका को देखते हुए आसपास के गांवों और कस्बों से आने वाले रास्तों पर भी पुलिस तैनात रही। अधिकारियों ने टोल प्लाजा पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। क्षेत्र में करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस की निगरानी के बीच किसानों को अलग-अलग स्थानों पर रोका गया, जबकि प्रदर्शन को देखते हुए टोल प्लाजा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था लगातार बनाए रखी गई।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post