वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। इसी बीच भाजपा ने वाराणसी स्नातक सीट से केदारनाथ सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. प्रमोद मिश्रा को उम्मीदवार बनाया गया है।
नामांकन प्रक्रिया छह अक्तूबर तक चलेगी। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार आयुक्त कार्यालय परिसर स्थित अपर आयुक्त (प्रशासन) के न्यायालय कक्ष में नामांकन दाखिल कर रहे हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए अपर आयुक्त (द्वितीय) के न्यायालय कक्ष में नामांकन की व्यवस्था की गई है।
नामांकन पत्रों की जांच सात अक्तूबर को होगी, जबकि नौ अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। दोनों सीटों के लिए 23 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसके बाद 27 अक्तूबर को मतगणना कराई जाएगी। प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरा कराने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।


