रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में बुधवार को राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण, आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था और पोषाहार की गुणवत्ता को लेकर सरकार की ओर से किए गए बदलावों का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 के बाद की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय आंगनबाड़ी केंद्रों और वहां मिलने वाले पोषाहार की व्यवस्था को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आती थीं। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पोषाहार की गुणवत्ता और उसकी नियमित आपूर्ति पर भी सवाल मिले। सीएम ने कहा कि पहले व्यवस्था में लाचारी दिखाई देती थी, जिसे सुधारने के लिए सरकार ने जवाबदेही और गुणवत्ता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नवजात बच्चों का अन्नप्राशन कराया और बेटियों को गोद में लेकर खीर खिलाई। राधा-कृष्ण की वेशभूषा में पहुंचे बच्चों से भी उन्होंने मुलाकात की, उन्हें दुलार किया और खिलौने देकर प्रोत्साहित किया।राष्ट्रीय पोषण माह के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं के बेहतर पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाने और पोषण सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया।


