स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल, चुर्क शाखा में अंतरविद्यालयीय विज्ञान एवं गणित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें स्कूल की पांचों शाखाओं के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में चुर्क शाखा ने प्रथम स्थान हासिल किया।
जूनियर वर्ग में चुर्क के प्रिंस मौर्या, अदिति गुप्ता, आर्यन और आयुषी की टीम प्रथम रही। वहीं घोरावल शाखा दूसरे और गढ़वाघाट शाखा तीसरे स्थान पर रही। सीनियर वर्ग में चुर्क शाखा के निशांत मौर्या, शुभम, प्रियांसी मौर्या और आर्या रावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। घोरावल दूसरे और गढ़वाघाट तीसरे स्थान पर रहा। बनपुरवा और जगतगंज शाखाओं को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रबंधक एवं सचिव बाबा प्रकाशध्यानानन्द ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं से बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास का विकास होता है। प्रधानाचार्य ए.के. वर्मा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्विज मास्टर संतोष विश्वकर्मा सहित विभिन्न शाखाओं के शिक्षक एवं निर्णायक मंडल के सदस्य मौजूद रहे। मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन फरहीन सिद्धीकी ने किया।


